खेल सिर्फ खेल नहीं है, बल्कि यह जीवन का एक अनिवार्य अंग है - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

Home Top Ad

Post Top Ad

25 मई 2018

खेल सिर्फ खेल नहीं है, बल्कि यह जीवन का एक अनिवार्य अंग है

मधेपुरा 25/05/2018
जीवन में खेल का काफी महत्व है. खेल सिर्फ खेल नहीं है, बल्कि यह जीवन का एक अनिवार्य अंग है. आज शिक्षा में कक्षा की पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद का भी अत्यधिक महत्व है. आज खेलों में कैरियर की संभावनाएं भी बढ़ी हैं. यह बात बीएनएमयू के कुलपति डॉ. अवध किशोर राय ने कही.
                                   वे शुक्रवार को विश्वविद्यालय खेल समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे. कुलपति ने कहा कि बीएनएमयू में खेल गतिविधियां सोई पड़ी थीं. इसे पिछले वर्ष जगाया गया है. आगे इसे काफी सक्रिय करने की योजना है. बीएनएमयू प्रशासन ने कक्षा की पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों को भी गंभीरता से लिया है.
                                  हमारे विद्यार्थी इसका लाभ उठाएं और विभिन्न स्पर्धाओं में बढ़चढ़ कर भाग लें. कुलपति ने कहा कि जो भी विद्यार्थी किसी भी विधा में  बेहतर प्रदर्शन करेंगे. उन्हें विश्वविद्यालय की ओर से प्रोत्साहन एवं सम्मान दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में मगध विश्वविद्यालय, बोधगया में एकलव्य और ललित नारायण मंडल विश्वविद्यालय, दरभंगा में तरंग प्रतियोगिता का आयोजन होने वाला है. इसमें बीएनएमयू की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है.
                                                           बैठक में विभिन्न स्पर्धाओं की अंतर महाविद्यालय खेल प्रतियोगिता के आयोजन पर विचार किया गया. जल्द ही आयोजन स्थल और तिथि की घोषणा की जाएगी. सभी आयोजन सितंबर तक कर लिए जाएंगे. ताकि बीएनएमयू की टीम पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता में भाग ले सकें. वर्ष 2018-19 के लिए 44 लाख 87 हजार दस रूपए के संभावित  बजट को स्वीकृति प्रदान की गयी.
                                                          इसमें शतरंज, वालीवाल, खो-खो, क्रिकेट, फुटबाल, टेबुल टेनिस की प्रतियोगिताओं के आयोजन के खर्च शामिल हैं. साथ ही नार्थ कैम्पस में दस एकड़ भूमि पर स्नातकोत्तर खेल मैदान के निर्माण हेतु एक लाख पच्चीस हजार रूपए निर्धारित किया गया है. इसके अलावा वार्षिक  खेल बुलेटीन के प्रकाशन पर चालीस हजार रूपए खर्च किए जाएंगे.
                                            इस अवसर पर प्रति कुलपति डॉ. फारूक अली, वित्त परामर्शी सुरेश चन्द्र दास, डीएसडब्लू डॉ. योगेन्द्र प्रसाद यादव, खेल सचिव डाॅ. मो. अबुल फजल, उप खेल सचिव डाॅ. शंकर कुमार मिश्र, रमेश झा महिला काॅलेज, सहरसा की प्रधानाचार्य डॉ. रेणु सिंह, बीएसएस काॅलेज, सुपौल के प्रधानाचार्य डॉ. संजीव कुमार, पीजी भूगोल के अध्यक्ष सुभाष झा, प्रभारी कुलसचिव शैलेन्द्र कुमार, वित्त पदाधिकारी हरकेश सिंह, डाॅ. राम किशोर यादव, कमलनाथ ठाकुर आदि उपस्थित थे.

Post Bottom Ad

Pages